चरखी दादरी। गांधी मार्केट स्थित क्लॉथ स्टोर को चोरों ने रविवार रात अपना निशाना बनाया। दुकान के ताले चटकाकर चारों ने लाखों के कपड़े सहित हजारों की नगदी पर हाथ साफ कर लिया। यहां तैनात चौकीदार ने रात करीब तीन बजे घटना की जानकारी दुकान मालिक को दी। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर सिटी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पीड़ित दुकान मालिक कुलदीप रोहिल्ला ने बताया कि वह गांधी मार्केट स्थित जगमग क्लॉथ इंपोरियम के नाम से दुकान चलाता है। रविवार शाम वह दुकान बंद कर घर चला गया था। पीछे से चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर इस घटना को अंजाम दिया। रात करीब तीन बजे चौकीदार ने उसे फोन कर घटना की सूचना दी। दुकान मालिक कुलदीप उसी समय दुकान पहुंचा तथा सामान आदि की जांच- पड़ताल की। सारा सामान इधर उधर बिखरा मिला। सामान की जांच करने पर करीब सात हजार की नगदी गायब मिली। दुकान में रखा करीब आठ लाख रुपये का कपड़ा चोरी मिला। घटना की सूचना मिलने पर शहर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आस पास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।वर्जन:::::पीड़ित दुकान मालिक की शिकायत पर सिटी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। सुखबीर सिंह, सिटी थाना प्रभारी