भिवानी में गाड़ी व नगदी छिनने वाले बदमाश को सीआईए पुलिस ने दबोच लिया है। वह गुरुग्राम से छीनी गई कार में घूम रहा थ। पूछताछ में उसने दो वारदातों का खुलासा किया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
सीआईए पुलिस ने संदिग्ध हालत में कार सवार एक युवक को जांच के दौरान पकड़ा। उससे गाड़ी के कागजात दिखाने के लिए कहा गया तो उसके पास कोई कागजात नहीं थे। सख्ती से पूछताछ की तो उसने खुलासा किया कि उसने यह गाड़ी गुरुग्राम से छीनी थी। आरोपी की पहचान फुलपुरा वासी संदीप के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि वह स्वयं एक प्राइवेट गाड़ी चालक है। पूछताछ में सामने आया कि धोखे से उसने गुरुग्राम वासी एक युवक से 22 दिसंबर को यह गाड़ी छीनी थी। 30 दिसंबर को ढाणा रोड पर एक राहगीर को डरा-धमका कर उससे नौ हजार रुपये छीने थे।
सीआईए से एएसआई करतार सिंह ने बताया कि आरोपी संदीप ने गुरुग्राम से एक स्वीफ्ट कार को किराये पर किया। वह गांव फुलपुरा के लिए बुक करके ला रहा था। रास्ते में कलानौर-महम रोड पर जब कार का ड्राइवर पेशाब करने के लिए नीचे उतरा तो वह गाड़ी लेकर भाग गया। करीब एक सप्ताह तक वह कार को इधर उधर घुमाता रहा और 30 दिसंबर को भिवानी ढाणा रोड से दादरी गेट पैदल जा रहे विष्णु नामक व्यक्ति से पर्स छिन लिया। पर्स में करीब नौ हजार रुपये की नगदी थी। करतार सिंह ने बताया कि आरोपी से स्वीफ्ट कार व 9 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।
नशे के लिए अपनाया अपराध का रास्ता
पेशे से गाड़ी चालक संदीप स्वयं एक प्राइवेट गाड़ी चलाता है। पूछताछ में सामने आया कि अपने नशे की लत को पूरा करने के लिए उसने अपराध का रास्ता चुना और चोरी, छीना झपटी करने लगा। एएसआई करतार सिंह ने बताया कि उससे अन्य वारदातों का खुलासा होने की भी उम्मीद है। पूछताछ की जा रही हे।