क्षेत्र के एक गांव में अपने मामा के घर आई नाबालिग लड़की के साथ दो युवकों द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बाढड़ा पुलिस ने लड़की के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दादरी सिविल अस्पताल में पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की 8 मई को अपने मामा के घर आई थी। 26 मई को युवक मंदीप लड़की को अपने गांव कारिधारिणी ले लाया। मंदीप का भांजा कर्मवीर भी कारिधारिणी अपने मामा के घर आया हुआ था। मामले की पैरवी कर रहे एएसआई बदरीप्रसाद ने बताया कि लड़की का पुलिस बयान में आरोप है कि गांव कारिधारिणी में युवक कर्मवीर ने उसके साथ दुराचार किया। बाद में कर्मवीर व लड़की के बीच शादी करने को लेकर बात सिरे नहीं चढ़ सकी । आरोप है कि कर्मवीर ने लड़की से शादी करने से इंकार कर दिया। बाद में मंदीप इस लड़की को अपने साथ लेकर गुड़गांव ले गया। आरोपी युवक मंदीप ने लड़की को दो दिन गुड़गांव व तीन दिनों तक भिवाड़ी में अपने साथ रखा और लड़की के साथ दुराचार किया। बाद में मंदीप व लड़की ने शादी करने की सोची लेकिन लड़की की आयु 18 वर्ष से 40 दिन कम पड़ने पर दोनो के बीच शादी नहीं हो सकी। लड़की के परिजनों ने 29 मई को इस बारे में बाढड़ा पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर लड़की की खोजबीन शुरू की। पुलिस ने लड़की को भिवाड़ी से बरामद कर लिया जबकि युवक फरार हो गया। बुधवार को पुलिस ने लड़की के धारा 164 के तहत बयान दर्ज करवाए तथा दादरी सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाया। पुलिस एएसआई बदरीप्रसाद ने बताया कि पुलिस बयान में लड़की ने दोनो आरोपियों कर्मवीर व मंदीप पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। लड़की के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।