गांव नौरंगावास जाटान में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई नवविवाहिता की मौत मामले में मृतका के पिता ने हत्या की आशंका जताई है। मृतका के पिता ने एसपी के सामने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष मामले की जांच की मांग भी की है। इस संबंध में एसपी ने दादरी सदर पुलिस को मामले की जांच कर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश भी मौके पर ही दे दिए।
एसपी के समक्ष फरियाद लगाते हुए गांव जाट भुर्जर (महेंद्रगढ़) निवासी भूप सिंह ने बताया कि उसने अपनी बेटी भावना की शादी चार माह पूर्व सात दिसंबर को गांव नौरंगाबास जाटान निवासी विकास से हुई थी। भूप सिंह ने बताया कि भावना के ससुराल पक्ष के लोगों ने बुधवार देर शाम उन्हें सूचना दी कि भावना की हार्ट अटैक से मौत हो गई है तथा उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है। मामले में अनहोनी की आशंका जताते हुए बृहस्पतिवार को एसपी प्रतिक्षा गोदारा से मिलकर पुलिस कार्रवाई की मांग की। भूप सिंह ने बताया कि ससुराल के लोगों का उनकी बेटी के प्रति व्यवहार अच्छा नहीं था। मायके पक्ष के लोगों ने एसपी से इस घटना की निष्पक्ष जांच करवाए जाने की मांग है ताकि सही मायनों में मौत के कारणों का पता चल सके। एसपी गोदारा ने पुलिस द्वारा इस संबंध में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन पीड़ित परिवार को दिया।
पुलिस ने गांव नौरंगाबास जाटान जाकर घटना के बारे में जानकारी जुटाई है। जांच के लिए वीरवार को दोनो पक्षों को दादरी सदर पुलिस थाने बुलाया गया है। मामले की पूरी जांच करने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
जोगेंद्र सिंह, एएसआई, सदर पुलिस