भिवानी के चरखी दादरी में गांव ढ़ाणी फौगाट रोड पर दुकानदार पर हमला कर बाइक सवार युवकों ने 22 हजार की नकदी छीन ली। पीड़ित दुकानदार ने इस संबंध में सदर पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है।
गांव ढ़ाणी फौगाट निवासी कपिल की शहर के ढ़ाणी फाटक के समीप लोहे की दुकान है। दुकानदार कपिल ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान को बंद करके बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहा था। रास्ते में बधवाना नहर के पुल के समीप पहले से ही दो बाइक सवार सड़क के किनारे खड़े थे। कपिल को आते देख हमलावर सड़क के बीच आ डटे इसे देख कपिल ने अपनी बाइक रोक ली। इसी बीच एक आरोपी ने अपनी हेलमेट कपिल के सिर में दे मारी जबकि दूसरे युवक ने कपिल की जेब से 22 हजार की नगदी उड़ा ली। नकदी छीनकर आरोपी दादरी शहर की ओर से भाग गए। दुकानदार कपिल ने बताया कि 16 सितंबर को वह सदर पुलिस थाने पहुंचा तथा घटना की शिकायत सदर पुलिस में दर्ज करवाई। सदर पुलिस थाना प्रभारी जगराम का कहना है कि पुलिस जल्द ही इस घटना की जांच कर कार्रवाई करेगी।