भिवानी शहर में चल रही दर्जनभर से अधिक जिम में खुलेआम युवाओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ हो रहा है। दरअसल इन जिमों में अब बिना किसी अनुमति या लाइसेंस के फूड सप्लीमेंट बेचे जा रहे हैं। न्यू उत्तम नगर में पकड़े गए नकली फूड सप्लीमेंट बनाने की फैक्ट्री के बाद यह खुलासा हुआ है। फैक्ट्री में बनने वाले नकली फूड सप्लीमेंट को जिमों के माध्यम से ही युवाओं तक पहुंचाया जाता और उनसे मनमाफिक रुपये ऐंठे जाते हैं। कमाल की बात यह हैकि आज तक स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कभी भी किसी जिम में जाकर फूड सप्लीमेंट का कोई सैंपल नहीं लिया।
सीआईडी टीम ने शनिवार दोपहर न्यू उत्तम नगर में छापेमारी कर नकली फूड सप्लीमेंट बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया था। दो आरोपी युवक मनीष व नरेंद्र को पकड़ा था। जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया था। जांच में सामने आया कि ब्रांडेड कंपनियों के लेबल लगाकर नकली फूड सप्लीमेंट बेचा जा रहा था।
दोनों आरोपी भेजे जेल, तीसरे की तलाश
पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों नरेंद्र व मनीष को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है जबकि मुख्य आरोपी व इस फैक्ट्री का संचालक नवीन अभी फरार है। मामले में टीआईटी चौकी इंचार्ज हरिवल्लभ सिंह ने बताया कि आरोपीकी तलाश की जा रही है।
समय-समय पर दवाइयों व फूड सप्लीमेंट के सेंपल लिए जाते है। पिछले दिनों फूड सप्लीमेंट की एक होलसेल दुकान से सैंपल लिए गए थे। अब दुकानों व जिम में भी फूड सप्लीमेंट लिए जाएंगे।
-डा. वेद कुमार, डिप्टी सिविल सर्जन