भिवानी में रेलवे में कार्यरत महिला कर्मचारी के घर का ताला तोड़ चोर लाखों के आभूषण व नकदी पर हाथ साफ कर गए। चोरी के सामान की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। सब्जीमंड़ी चौकी पुलिस के अलावा फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और सीआईए टीम ने निरीक्षण किया और सबूत जुटाए।
चोरों ने विद्यानगर में रहने वाली रेलवे में कार्यरत महिला कर्मचारी कमला के मकान को अपना निशाना बनाया। वह सोमवार को ड्यूटी पर रोहतक गई थीं, और जब शनिवार सुबह वापस लौटीं तो उन्होंने पाया कि घर के ताले टूटे हुए थे, और सामान बिखरा हुआ था। उन्होंन ेचोरी की सूचना सब्जीमंड़ी चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज एएसआई विद्याधर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया गया। पुलिस ने सहयोग के लिए सीआईए कीटीम को भी बुलाया। कमला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चोर घर से उसकी चार जोड़ी सोने की कानों की बालियां, दो सोने की चेन, दो चांदी के नारियल, एक नेकलेस, दो सोने की चूड़ियां, एक जोड़ी चांदी की पायजेब, सोने के सिक्के और 35 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। चोरी सामान की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। मामले के एएसआई विद्याधर ने कहा कि एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।