तोशाम-सिवानी मार्ग पर स्थित एक गांव की महिला ने गांव के ही तीन लोगों पर दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस अधिकारियों को दी शिकायत में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग व जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। महिला ने उक्त लोगों पर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए आसाम से महिला लाकर बेचने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि गांव के ही तीन व्यक्ति 18 मई की रात को करीबन 9 बजे घर आए और उसके पति के बारे में पूछताछ की। जब उसने कहा कि उसके पति घर पर नहीं है तो उन्होंने उसे पकड़ लिया और कपड़े फाड़ दिए। महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपी उसे घसीट कर ले जाने लगे और दुष्कर्म करने की कोशिश की। शोर-शराबा करने पर ये लोग फरार हो गए और जाते समय धमकी दे गए। महिला ने आरोप लगाया कि उक्त लोग गैर कानूनी तरीके से आसाम से महिला लाकर बेच रहे हैं। महिला ने उच्च अधिकारियों से जान-माल की रक्षा व आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।