भिवानी के तोशाम में पहले जलाया और फिर अस्पताल लाने का ड्रामा किया। शौचालय जिसमें बेटी जली वहां ऐसे हालात है कि काफी देर बाद बेटी को आग से निकाला गया और फिर अस्पताल लाने का ड्रामा किया। ये आरोप संदिग्ध हालत में जली नवविवाहिता पूनम के परिजनों ने पुलिस के समक्ष लगाए। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी पति, जेठ समेत छह के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।
20 वर्षीय विवाहिता पूनम की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई थी। पूनम अपने शौचालय में जली हालत में मिली थी। परिजन अस्पताल लेकर गए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूनम की मौत के बाद पूनम के पिता ने सुसराल पक्ष के लोगों जलाकर मारने का आरोप लगाया है। मृतका के पिता रतिया निवासी हीरालाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मजदूरी करता है। करीबन डेढ़ वर्ष पहले ही उसने अपनी बेटी पूनम की शादी दुल्हेड़ी निवासी नितिन के साथ की थी। हीरालाल ने आरोपों में बताया कि करीबन छह महीने तक तो सुसराल पक्ष के लोगों ने पूनम को ठीक रखा। उसके बाद ये लोग पूनम को दहेज के लिए तंग करने लगे। दहेज की मांग के कारण दुल्हेड़ी व रतिया की दो-तीन बार पंचायत भी हुई। लेकिन सुसराल पक्ष के लोगों पर कोई असर नहीं पड़ा। चार महीने पहले पूनम अपने घर रतिया आई थी। करीबन एक माह पहले नितिन, सास कृष्णा पूनम को यह कहकर ले कर गए थे कि वे अब इसको किसी बात के लिए तंग नहीं करेंगे। हीरालाल ने आरोपों में कहा कि दो अक्तूबर को पूनम के पति नितिन, जेठ अमित, सास कृष्णा सहित छह लोगों ने उसकी बेटी को जलाकर हत्या की है। तोशाम थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि हीरालाल की शिकायत पर दुल्हेड़ी निवासी मृतका के पति नितिन, जेठ अमित, सास कृष्णा 498ए, 304बी व 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।