भिवानी में 18 महीने पहले हालु बाजार के नरसान पाना में हुई चोरी का मुकदमा अब सीएम विंडो पर हुई शिकायत के बाद दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता ने बताया कि चोर सवा लाख की नगदी के अलावा करीब 50 हजार के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। सीएम विंडो पर दी शिकायत में पीड़ित ने दो के नाम पर भी बताये। पुलिस ने शिकायत के बाद चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला दो अगस्त 2015 का है। हालु बाजार स्थित नरसान पाना में तेजपाल के घर चोरी हुई। उस समय सामान गुमशुदगी की कार्रवाई की गई। अब तेजपाल ने इसकी सीएम विंडो पर शिकायत की। जिसमें आरोप लगाया कि नरसान पाना के ही दो लोगों ने उसके घर चोरी की। उसके घर से सवा लाख की नगदी के अलावा सोने की चेन, कानों के झुमके, नाक का कोका आदि सामान चोरी कर लिया गया। ये सारा सामान एक संदूक में रखा था जो कि घर की ही रसोई में रखी गई थी। जबकि वह अपने परिवार के साथ रसोई के पास ही बने कमरे में सोया हुआ था। पुलिस में शिकायत दी थी मगर उस समय महज सामान गुम होने की कार्रवाई की गई। मामले में जैन चौक चौकी से इंचार्ज एसआई धर्मबीर सिंह ने बताया कि चोरी का मामला वर्ष 2015 का है। जांच की जा रही है। फिलहाल शिकायत पर नरेश व रविंद्र के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है।