नारायणगढ़। वर्ष 2015 में किए गए दस करोड़ के धान घोटाले में एसआईटी ने भरेड़ी अनाज मंडी के एक आढ़ती सहित मार्केट कमेटी के एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को हुई इस दूसरी कार्रवाई के बाद अब इस मामले में कुल छ: लोग गिरफ्तार किए गए जा चुके हैं। मंगलवार को गिरफ्तार किए गए दोनों लोगों को पुलिस बुधवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी। बता दें कि हरियाणा एग्रो के अधिकारियों की शिकायत पर नारायणगढ़ पुलिस ने धान घोटाले में एफआईआर दर्ज की थी। भरेडी अनाज मंडी के इस घोटाले के तार क्षेत्र के अलावा बाहर की मंडियों से भी जुड़े होने के संकेत मिल रहे हैं। फिलहाल पुलिस मंगलवार को गिरफ्तार किए गए बलविंद्र और राकेश से पूछताछ कर रही है। एसआईटी के जांच अधिकारी भूषणदास के अनुसार धान घोटाले के आरोप में बलविंद्र और राकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार को इन दोनों को अदालत में पेश कर रिमाड़ मांगा जाएगा। उसके बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।