चांग में फोटोग्राफर सुरेश की पीट-पीटकर हत्या के मामले में नामजद मुख्य आरोपी लहूलुहान हालत में गली में मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि कुछ लोगों की नजर जब मुख्य आरोपी पर पड़ी तो उसने भागने का प्रयास किया। लेकिन, वह लोगों के हत्थे चढ़ गया। बाद में ग्रामीणों ने ही आरोपी को पुलिस को सौंपा। उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने रोहतक रेफर कर दिया। आरोपी को लगी चोटों के बारे में फिलहाल ग्रामीणों ने चुप्पी साध रखी है। जबकि, पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों से बचने के लिए भागते समय ट्रैक्टर-ट्राली के हुक से टकराया। इसी वजह से वह चोटिल हो गया। ग्रामीणों की पिटाई से पुलिस इनकार कर रही है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
चांग में बीते रविवार को सुरेश नामक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर 13 के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। मामले में मंगलवार दोपहर ग्रामीणों को सूचना मिली कि हत्या मामले में मुख्य आरोपी पाना गोलागढ़ी के एक मकान में छिपा है। जिसके बाद कुछ ग्रामीण मकान की ओर बढ़े। ग्रामीणों के आने की सूचना मिलते ही आरोपी वहां से भाग खड़ा हुआ। आरोपी आगे-आगे दौड़ रहा था और ग्रामीणों की भीड़ पीछे-पीछे। किसी अप्रिय घटना की आशंका से सूचना मिलते ही पुलिस भी गांव पहुंचे। पुलिस गांव में पहुंची तो चांग के पाना भूतलान में एक ट्रैक्टर ट्राली के पास आरोपी बंटी उर्फ सत्यवान घायल हालत में खून से लथपथ गली में पड़ा मिला। पुलिस उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। कस्बे में चर्चा यह भी है कि ग्रामीणों ने उसकी धुनाई की है जबकि ग्रामीणों ने पुलिस के समक्ष बताया कि आरोपी भाग रहा था। गली में बिखरी तूड़ा पर पांव फिसला और ट्रैक्टर ट्राली के हुक से टकरा कर गली में ही गिर पड़ा। जिससे उसे चोट आई। बंटी हत्याकांड में मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। वहीं पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिनभर गांव के अलावा सेक्टर में छापेमारी करती रही।
किशोरी वार्ड में शिफ्ट, नहीं हुए बयान
मामले में जहरीले पदार्थ का सेवन करने वाली आरोपी परिवार की लड़की को हालत में सुधार होने पर वार्ड में शिफ्ट कर दिया है। किशोरी पीजीआई में उपचाराधीन है। मंगलवार को भी अनफिट होने के कारण किशोरी के बयान नहीं हो पाए।
सूचना मिलते ही पुलिस गांव चांग में पहुंच गई थी जहां बंटी नामक व्यक्ति गली में ट्रैक्टर ट्राली के पास घायल हालत में मिला। उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर किया गया है। आरोपी भागते समय ट्रैक्टर ट्राली से टकराने से घायल हुआ। लड़की अभी बयान देने की हालत में नहीं है।
उदमीराम, एसएचओ, सदर थाना