नशे में धुत बैंक गार्ड ने बृहस्पतिवार दोपहर बस स्टैंड के सामने जमकर हंगामा काटा। गार्ड ने बस स्टैंड परिसर के बाहर एक के बाद एक कर तीन हवाई फायर भी किए। इसी दौरान शराब ठेके के कारिंदे और एक बुक सेंटर संचालक पर भी आरोपी ने रिवाल्वर तान दी। इससे दुकानदारों और लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर सीआईए टीम ने आरोपी को लाइसेंसी हथियार सहित दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल करवाकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। आरोपी गांव चरखी स्थित ग्रामीण क्षेत्रीय बैंक में बतौर सुरक्षा गार्ड तैनात है। हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी कोई गवाही के लिए आगे नहीं आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव चरखी निवासी प्रेमसुख गांव स्थित बैंक में बतौर सुरक्षा गार्ड तैनात है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे नशे में धुत होकर वह बस स्टैंड के सामने पहुंचा। इस दौरान उसने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर हवा में लहराई और जमकर उत्पात मचाया। नाम न छापने की शर्त पर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करीब दस मिनट यहां हंगामा करने के बाद वह यहां स्थित एक शराब ठेके पर चला गया। शराब ठेके पर पहुंचकर गार्ड ने कारिंदे पर रिवाल्वर तान शराब की बोतल मांगी। कारिंदे द्वारा बोतल देने के बाद वह दोबारा से बस स्टैंड परिसर के सामने आ पहुंच गया। इसी दौरान बस स्टैंड के सामने लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसके तुरंत बाद यहां पहुंचकर उसने एक के बाद एक कर दो हवा में फायर किए। एकाएक गोली चलने से बस स्टैंड के सामने अफरातफरी मच गई। शराबी गार्ड का हंगामा यहीं नहीं थमा। इसके बाद वह एक बुक सेंटर पर जा पहुंचा और काउंटर पर बैठे संचालक पर रिवाल्वर तान दी। आरोपी ने करीब पांच मिनट तक दुकान मालिक पर रिवाल्वर ताने रखी। इसके बाद वह दूसरी दुकान के पास आ गया। यहां आकर उसने रिवाल्वर से तीसरा हवाई फायर कर दिया। इसी दौरान एक दुकानदार ने मामले की सूचना सिटी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे एसपी सिक्योरिटी में तैनात एएसआई केदारनाथ ने लोगों की मदद से आरोपी को दबोच लिया। इसके बाद सीआईए टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू कर लिया। सीआईए टीम ने आरोपी का लाइसेंसी रिवाल्वर और उसके पास मौजूद कारतूसों को भी अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी की रिवाल्वर से तीन जिंदा कारतूस और तीन खोल पुलिस ने बरामद किए। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से आठ और जिंदा करतूस बरामद किए गए। सीआईए टीम ने सिविल अस्पताल में आरोपी गार्ड का मेडिकल भी करवाया। जहां उसकी शराब पीने की भी पृष्टि हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
गवाह बनने को कोई नहीं हुआ राजी
उधर लोगों ने आरोपी के पूरे ड्रामे को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। इस घटनाक्रम से जहां दुकानदार सहम गए तो वहीं सीआईए के मौके पर पहुंचकर लोगों और दुकानदारों से बातचीत की। मगर कोई भी दुकानदार और वहां मौजूद लोगों में से कोई भी गवाह बनने को तैयार नहीं हुआ।
500 मीटर दूरी से नहीं पहुंच पाई सिटी पुलिस
उधर रिवाल्वर लिए नशे में धुत बैंक गार्ड का सड़क के बीचोंबीच ड्रामा करीब आधे घंटे तक चला। घटनास्थल से महज 500 मीटर दूर सिटी थाने में तैनात किसी भी पुलिस कर्मचारी ने मौके पर पहुंचने की जहमत नहीं दिखाई। हालांकि दुकानदारों ने बैंक गार्ड का ड्रामा शुरू होते ही मामले की सूचना सिटी थाने में फोन पर दे दी थी। वहीं, सूचना मिलने के बाद सीआईए टीम करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय कर मौके पर पहुंच गई। ऐसे में सिटी पुलिस के उदासीन रवैये के चलते किसी भी राहगीर या दुकानदार को अपनी जान से हाथ धोना पड़ सकता था। बावजूद इसके सिटी पुलिस ने मामले में कतई गंभीरता नहीं दिखाई।
घटना की सूचना मिलने के बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचे थे। सीआईए टीम के मौके पर पहुंचते ही थाने से कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए थे। आरोपी को रिवाल्वर सहित गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया गया है।
पवन कुमार, कार्यवाहक सिटी थाना प्रभारी
चरखी निवासी आरोपी प्रेमसुख गांव के ही ग्रामीण बैंक में तैनात है। उसके पास से 11 जिंदा व तीन चले हुए कारतूस बरामद किए है। आरोपी नशे में धुत था और उसका रिवाल्वर भी लाइसेंसी है। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल करवाकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
शमसेर सिंह, सीआईए प्रभारी