भिवानी में फसली नुकसान का मुआवजा देने की एवज में तालू गांव के किसान ने एक पटवारी पर छह हजार रुपये की घूस मांगने का आरोप लगाया है। किसान ने पूरे प्रकरण की वीडियो बना सीएम विंडो पर शिकायत की है। वहीं पटवारी ने आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि उधार लिए रुपये लौटाए और बना ली झूठी वीडियो। किसी से तरह की जांच के लिए वह तैयार है।
मामला जून माह का है। सीएम विंडो पर की शिकायत में तालू वासी युवक नवीन ने बताया कि उसने तीन एकड़ में कपास लगा रखी थी। जो कि खराब हो गई। गिरावदी हुई तो पटवारी ने पौना एकड़ में ही फसल दिखाई। इसके बाद वह पटवारी के पूरी फसल चढ़ाने के लिए चक्कर लगाए। पटवारी ने सायं को अलग से बुलाकर शर्त रखी कि दो एकड़ और दर्ज कर देंगे और 14 हजार रुपये मुआवजा मिलेगा। आठ हजार तेरे (नवीन) और पांच हजार मेरे। उसने इसकी रिकार्डिंग कर ली। जून माह में 14 हजार रुपये मुआवजा खाते में आ गया। अब पटवारी अपने हिस्से के रुपये मांगने लगा। नवीन ने बताया कि खेत उसके, नुकसान उसे हुआ और हिस्सा उसे क्यों दे। इसलिए सबक सीखाने के लिए उसने पांच हजार रुपये दिए और वीडियो बना ली। वीडियो में साफ है कि पटवारी उससे एक हजार रुपये और मांग रहा है। सोमवार को इसकी सीएम विंडो पर शिकायत कर दी। ऐसे पटवारी पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं पटवारी ने आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि उसे इस गांव का अतिरिक्त कार्य सौंपा गया था। वहां का एक ठेकेदार उसके पास आया और पांच हजार रुपये एक दिन उधार मांगे। उसके पास नहीं थे मगर उसने किसी अन्य से पांच हजार रुपये उधारे दिलवाए। जून माह में उसका फोन आया कि पांच हजार रुपये देकर किसी को भेज रहा हूं। वह रुपये देने आया और वीडियो बना ली। अब उसे वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल किया जा रहा है। उससे एक लाख रुपये की मांग की जा रही है। वह हर तरह की जांच के लिए तैयार है।