भिवानी। रोहतक रोड पर बिट्स कॉलेज के पास ऑटो व टाटा-एसएस की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद टाटा एस चालक मौके से फरार हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में रखवाया गया है।
हादसा बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे हुआ। बामला वासी करीब 45 वर्षीय ऑटो चालक राम कुमार सवारियों को छोड़ अपने गांव लौट रहा था। वहीं रोहतक की ओर से एक टाटा एस गाड़ी आ रही थी। बिट्स कॉलेज और एमके रिसोर्ट के बीच दोनों वाहनों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि दूर तक आवाज सुनाई दी और ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में घायल ऑटो चालक को तुरंत उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद टाटा एस चालक मौके पर ही गाड़ी छोड़ फरार हो गया। सूचना पर परिजन व खरक चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों वाहन सड़क के बीच होने के कारण वाहनों को आवागमन में खासी दिक्कतें आई। रात करीब आठ बजे पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क के बीच से हटवाया। मृतक के भाई राज कुमार ने बताया कि राम कुमार सवारियों को छोड़ घर लौट रहा था तो यह हादसा हुआ। राम कुमार को एक लड़का है। खरक चौकी इंचार्ज एएसआई रामकिशन ने बताया कि हादसे की सूचना आई है। सुबह परिजनों के बयान लेकर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो संभावित