भिवानी। थाना सदर क्षेत्र के गांव नौरंगाबाद स्थित बाबा खेड़ा धाम में शुक्रवार रात ढाई बजे दीवार फांदकर दाखिल हुए हथियारबंद बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। महंत और सेवकों के साथ जमकर मारपीट की। यहीं नहीं बंधक बनाकर ढाई लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। घायल महंत और सेवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं धाम से लगे सीसीटीवी में बदमाशों की करतूत रिकार्ड हो गई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
नौरंगाबाद बाबा खेड़ा धाम के महंत कप्तान नाथ के मुताबिक शुक्रवार रात को प्रतिदिन की तरह अपने-अपने कमरों में आराम कर रहे थे। रात करीब ढ़ाई बजे चार बदमाश दीवार फांदकर धाम के अंदर दाखिल हुए। सबसे पहले उन्होंने वहां पर काम करने वाले सेवक अनिल की डंडो से पिटाई की। इसके बाद बदमाशों ने सेवक इतवार नाथ, भूल नाथ और कर्म नाथ को पीटने के बाद कमरों में बंद कर दिया। बदमाशों को देख कुत्ते के भौंकने की आवाज पर कमरे से बाहर निकले महंत कप्तान नाथ के साथ भी बदमाशों ने जमकर मारपीट की। जिससे उनके पैर में फ्रैैक्चर हो गया। बदमाशों ने उनसे हाथ में पहनी अंगूठी छीन ली और अलमारी में रखे करीब ढाई लाख रुपये भी निकाल ले गए। जिसके बाद महंत कप्तान नाथ और सेवक अनिल को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। सूचना मिलने पर थाना सदर प्रभारी देशराज दहिया मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
बाबा खेड़ा धाम पर हुई वारदात वहां पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी में बदमाश धाम में दाखिल होते और वारदात को अंजाम देते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि बदमाशों ने जाते समय वहां पर लगे सीसीटीवी भी तोड़ दिए और फोन भी तोड़दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज लेकर जांच शुरू कर दी है।
नौरंगाबाद स्थित बाबा खेड़ा धाम में महंत सहित पांच को बंधक बनाकर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। जिनके आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गंगाराम पूनिया, एसपी।