भिवानी। शहर के हालुवास गेट क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय महिला ने दवा के धोखे से जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसके बाद उसकी तबियत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर शहर के ही एक निजी अस्पताल में पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जहरीले पदार्थ से विवाहिता की मौत की सूचना पाकर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और उसका जिला सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस को दिए बयान में दादरी के झज्जर घाटी निवासी राकेश कुमार ने बताया कि उसकी बहन 27 वर्षीय अनीता की शादी 8 साल पहले हालुवास गेट क्षेत्र निवासी मुकेश के साथ हुई थी। शादी के बाद उसे पांच साल का एक बच्चा भी है। उसने बताया कि 22 अप्रैल की शाम 6 बजे उसकी बहन अनीता की अचानक तबियत खराब हो गई थी। जिसके चलते उसने दवा के बदले गलती से जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया। अनीता की तबियत और ज्यादा बिगडने के बाद उसका पति मुकेश उसे रोहतक के एक प्राइवेट अस्पताल ले गया। जहां उपचार के दौरान अनीता ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। वहीं सिटी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भिवानी जिला सामान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया और इस संबंध में इत्तफाकिया कार्रवाई के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।