अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। एसपी रातभर थाने-चौकियों का निरीक्षण कर रहे थे, पुलिस भी अलर्ट थी, फिर भी कच्छा चोर गिरोह पुलिस के दावों को खोखला साबित करते हुए एक ही रात में तीन घरों में चोरी कर गया। ऐसे में एसपी के पुलिस अलर्ट के दावे एक बार फिर से चोरों ने झूठे साबित कर दिए हैं। क्योंकि सीसीटीवी कैमरे में कच्छा चोर गिरोह के सदस्य बेखौफ होकर घरों में ताक झांक करते नजर आ रहा है। ऐसे में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठना लाजमी है।
पूर्व डीआईपीआरओ के घर को बनाया निशाना, तीन लाख की चोरी
कच्छाधारी गिरोह ने राजीव कॉलोनी स्थित पूर्व डीआईपीआरओ ओमप्रकाश लाकड़ा के मकान को निशाना बनाया है। ओमप्रकाश के लड़के नीरज ने बताया कि परिवार के तीन सदस्य छत पर सो रहे थे। उसकी पत्नी व बेटियां नीचे सो रही थी। सुबह जब उसकी मां सीता देवी नीचे आई तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि चोरों ने दोनों कमरों की खिड़की के सरिये उखाड़कर वहां से 13 तोले सोने के गहने व 15 हजार रुपये चोरी कर ले गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
कूलर में बेहोशी की दवाई मिलाई
नीरज ने बताया कि सुबह जब उठकर वे नीचे आए तो उसकी पत्नी व बेटियां गहरी नींद में सोई हुई थी। काफी देर जगाने के बाद उठी। उठने के बाद बेटी को उल्टियां भी लगी। उन्होंने बताया कि कूलर में चोरों ने बेहोशी की दवाई डाली है, जिसके चलते वे बेहोश हो गई।
किराएदार के कमरे को कुंडी लगाकर दिया वारदात को अंजाम
राजीव कालोनी निवासी रोहताश पुत्र इंद्र सिंह ने बताया कि उसका बेटा गुरुग्राम में एक कंपनी में नौकरी करता है। वह अपनी पत्नी के साथ बेटे के पास गया हुआ था। उसने अपने मकान में एक किराएदार रखा हुआ है। सुबह उसने ही घर में चोरी होने की सूचना दी। उसने बताया कि चोर किराएदार हितेष के कमरे को कुंडी लगा दी। जब सुबह पांच बजे उठा तो कमरा बंद मिला। उसने पड़ोस में फोन कर दरवाजा खुलवाया। उसने बताया कि चोर उसके घर से करीब पांच हजार रुपये की नकदी, चांदी के सिक्के व चांदी का नारियल ले गए। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को कर दी है।
सेक्टर-13 में भी कच्छाधारी गिरोह ने की थी चोरी
कच्छाधारी गिरोह ने करीब पांच दिन पहले ही सेक्टर-13 स्थित एक मकान को अपना निशाना बनाया था। चोरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी जिसमें 4 युवक घर के अंदर घुसे हुए थे, जबकि 2-3 युवक बाहर खड़े थे। राजीव कॉलोनी में सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए कच्छाधारी गिरोह के 7 बंदे नजर आ रहे हैं।