अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। सीएम विंडो पर हुई मिलावटी लाल मिर्च और नकली घी की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हालु बाजार क्षेत्र की दो दुकानों पर शाम को छापेमारी की। टीम ने घी और मिर्च के सैंपल लिए जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा।
हालु बाजार क्षेत्र के ही एक व्यक्ति ने सीएम विंडो पर शिकायत की थी। जिसमें दो दुकानदारों पर मिलावटी लाल मिर्च और नकली घी बेचने के आरोप लगाए थे। आरोप थे कि महज सौ रुपये किलो घी बेचा जा रहा है। सीएम विंडो पर आई शिकायत पर सिविल सर्जन डा. आदित्य स्वरूप गुप्ता ने टीम बनाकर छापेमारी करने के निर्देश दिए। डीओ डा. डीके आहुजा ने सहायक राजकिशोर के साथ मिलकर शाम करीब छह बजे हालु बाजार नंदराम कटला में प्रवीण कुमार और प्रमोद कुमार की दुकानों पर छापेमारी की। प्रवीण की दुकान से मिर्च का सैंपल सील किया जबकि प्रमोद की दुकान से घी का सेंपल सील किया। कार्रवाई देर शाम आठ बजे तक चली।
डॉ. डीके आहुजा ने बताया कि घी और लाल मिर्च के सेंपल सील किए गए है। सेंपलों को लैब में जांच के लिए भेजा जाएगा। जिसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।