अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। चरखी दादरी से सतनाली मार्ग पर गांव कादमा नहरी पुलिया के समीप बीती देर शाम 7 बजे तेज रफ्तार मैक्स गाड़ी ने एक चरवाहे और दस भेड़-बकरियों को कुचन दिया। हादसे में 10 भेड़-बकरियों की भी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से जख्मी चरवाहे को पहले भिवानी जिला सामान्य अस्पताल लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। घायल ने पीजीआई जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद बाढड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर भिवानी जिला सामान्य अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया।
मृतक की पहचान गांव कादमा निवासी 36 वर्षीय बीरेंद्र के रूप में हुई है। मृतक के भाई विजयपाल ने बताया कि वे तीन भाई थे, जबकि उसका भाई बीरेंद्र गांव में ही भेड़-बकरियां रखकर अपना गुजर बसर करता था। उसका एक बेटा भी है। उसने बताया कि रविवार शाम को जब वह दादरी सतनाली मार्ग पर कादमा नहर के पास भेड़-बकरियों को लेकर घर लौट रहा था तो इसी दौरान एक तेज रफ्तार महेंद्रा मैक्स गाड़ी के चालक ने शराब के नशे में गाड़ी चलाते हुए उसके भाई को कुचल दिया। जबकि इसी दौरान करीब दस भेड़-बकरियों की भी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। वहीं हादसे में कार्रवाई करने पहुंचे बाढड़ा पुलिस थाना के जांच अधिकारी शमशेर सिंह ने बताया कि मृतक बीरेंद्र के भाई के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।