अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। बारिश के कारण बुधवार सुबह बिजली के दो खंभों में करंट आ गया। करंट की चपेट में आने से अलग-अलग जगहों पर दो सांड़ों की मौत हो गई। जिस पर हंगामा हुआ। स्थानीय लोगों ने निगम प्रबंधन के खिलाफ सड़क पर उतरकर रोष प्रदर्शन किया वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद निगम कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। हालांकि एक माह पहले हांसी गेट केएम स्कूल के सामने स्ट्रीट पोल से जमीन में करंट दौड़ने की वजह से दो सांड़ों की मौत हो गई थी। जबकि नया बाजार इलाके में भी एक गाय करंट लगने से अकाल मौत का शिकार हो गई थी।
पटेल नगर कॉलोनी के लोगों ने निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि बिजली उपकरण हादसों की वजह बन चुके हैं। बुधवार सुबह बारिश के दौरान पटेल नगर गली के नुक्कड़ पर खड़े पोल पर लगे बिजली मीटर में अचानक ही करंट आया, जिससे इसकी चपेट में आने से एक सांड़ की मौत हो गई। गनीमत यह रही कि इस पोल के आासपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, नहीं तो जान माल का भी नुकसान हो सकता था। कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि पहले भी कई बार निगम कर्मचारियों को ढीले पड़े बिजली तारों को दुरुस्त किए जाने व खंभों पर काफी नीचे लगाए गए बिजली मीटरों को तरीके से लगाए जाने की मांग उठाई जा चुकी हैं। इसके बावजूद भी निगम प्रबंधन इस समस्या का समाधान नहीं कर रहा।
वहीं पटेल नगर में करंट लगने से सांड़ की मौत की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे निगम के लाइनमैन राजेश कुमार ने बताया कि बारिश के कारण पोल पर लगे मीटर में अर्थिंग से करंट आ गया था। जिसमें 12 प्रतिशत करंट होने पर भी ये जानलेवा हो सकता है। वहीं लाइन को दुरुस्त कर खामी को जल्द दूर करने का काम किया जाएगा।
दूसरा हादसा डोभी तालाब क्षेत्र में हुआ, जहां बुधवार सुबह बारिश के दौरान ही खंभे पर लगी लोहे की स्पॉट वायर करंट दौड़ गया। इसी दौरान वहां पर एक सांड़ इसकी चपेट में आ गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। दो सांड़ों की मौत की सूचना मिलने के बाद गोरक्षा दल सदस्य भी मौके पर पहुंचे और निगम की लापरवाही पर जमकर बवाल काटा। सांड़ों को वहां से हटाकर उनका से अंतिम संस्कार कराने का इंतजाम कराया। वहीं दोनों ही जगह हादसों के बाद निगम कर्मचारियों ने बिजली लाइनों को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया।