नौकरी लगवाने के नाम पर आनलाइन 10 रुपये किए ट्रांसफर तो 10 मिनट में खाते से निकाले 40 हजार
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। साइन जॉब कंपनी से आई कॉल के बाद महिला का फार्म ऑनलाइन अपलोड कराने के नाम पर 10 रुपये खाते से ऑनलाइन ट्रांसफर कराने के 10 मिनट बाद खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संजीव कॉलोनी निवासी रेनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका यूको बैंक घंटाघर की शाखा में बैंक खाता है। 12 जनवरी को उसके पास साइन जॉब कंपनी से फोन आया। बोलने वाले व्यक्ति ने उससे कहा कि नौकरी के लिए आपका रिज्यूम अपलोड कर रखा है, जिसका अब ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना चाहते हैं। इसके लिए 10 रुपये ऑनलाइन खाते मेें ट्रांसफर कर दें। इसके बाद आपको नौकरी मिल जाएगी। जैसे ही रेनू ने अपने मोबाइल से ऑनलाइन 10 रुपये ट्रांसफर किए तो उसके खाते से दस मिनट के अंतराल में ही 40 हजार रुपये की नगदी निकाल ली गई। रेनू ने बताया कि उसके बैंक खाते से चार बार 10-10 हजार रुपये की राशि निकाली गई। पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर आनलाइन खाते से 40 हजार रुपये की धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।