फिरौती ना देने पर कॉस्मेटिक व्यापारी पर दागी थी गैंगस्टर टीनू ने गोली
-- पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा, मधुवन लैब में होगी टीनू की वाइस रिकॉर्डिंग जांच
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। दस लाख रुपये की फिरौती ना दिए जाने पर गैंगस्टर टीनू उर्फ दीपक ने ही भिवानी के कॉस्मेटिक व्यापारी को गोली दागकर उसे मौत के घाट उताने का प्रयास किया था। यह खुलासा सीआइए पुलिस द्वारा की जा रही पूछताछ में हुआ है। व्यापारी रोहित गोयल पर कातिलाना हमला करने के मामले में पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। यू-ट्यूब पर सलमान व अन्य बड़ी हस्तियों को डराने धमकाने की जांच के लिए पुलिस द्वारा टीनू को मधुवन ले जाया गया है। वहां उसकी वाइस जांच की जाएगी।
भिवानी के बिचला बाजार निवासी कॉस्मेटिक व्यापारी रोहित गोयल से गैंगस्टर टीनू उर्फ दीपक ने करीब पांच माह पूर्व दस लाख रुपये की फिरौती मांगी। फिरौती ना दिए जाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई , लेकिन व्यापारी ने इसे हलके में लिया। फिरौती ना दिए जाने पर व्यापारी रोहित गोयल पर रात को दुकान बंद कर जाते समय नया बाजार के समीप ही गोली दागकर मौत के घाट उतारने का प्रयास किया। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हुआ। इस अनट्रेस मामले में पुलिस पांच माह से लगी हुई थी। सीआईए पुलिस ने इस मामले में आरोपी टीनू को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। पूछताछ के दौरान टीनू ने रोहित गोयल से फिरौती मांगने व जानलेवा हमला किए जाने की बात कबूल की है।
वाइस जांच के लिए मधुबन ले गई टीनू को पुलिस
यू-ट्यूब पर वाइस रिर्कोड कर नामी हस्तियों को धमकी देने वाले टीनू की मधुबन वाइस लैब में जांच होगी। उसे इस जांच के लिए मधुवन लैब ले जाया गया है। सीआईए पुलिस बृहस्पतिवार को टीनू को लेकर मधुवन के लिए रवाना हुई।
श्री भगवान, प्रभारी शहर थाना भिवानी