भिवानी। थाना सदर क्षेत्र में स्थित एक घर में घुसकर महिला के साथ छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपियों पर जातिसूचक शब्द बोलने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला सहित तीन नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह बुधवार को मंगलवार को अपने घर पर काम कर रही थी। उसका पति भी घर पर ही था। उसी समय पड़ोस में रहने वाला महेश, उसका पिता पुरुषोत्तम, उसकी मां और अन्य तीन-चार युवक उसके मकान में घुस आये। उन्होंने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे और उसके पति के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गये। पीड़िता ने आरोप लगाये कि आरोपियों ने उसे जाति सूचक शब्द कहते हुये गालियां दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी का झांसा देकर युवती को किया अगवा
- युवती की बहन ने दी सदर थाना पुलिस को शिकायत, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। थाना सदर क्षेत्र के एक गांव से युवती को शादी का झांसा देकर अगवा करने का मामला सामने आया है। युवती की बहन ने इसकी शिकायत थाना सदर पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि 24 सितंबर को सुबह साढ़े सात बजे नागुरा निवासी रोहताश उर्फ ताशा उसकी 18 वर्षीय बहन को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलकार ले गया। उन्होंने पहले तो उसकी हर संभव तलाश की, लेकिन कहीं पर नहीं मिलने पर पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।