खेतों में आग ने मचाई तबाही, लाखों की गेहूं की फसल राख
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
आग ने खेतों में बुधवार को खूब तबाही मचाई। जिलेभर में अलग-अलग गांवों में छह जगह आग लगी। सबसे बड़ी आग की घटना भैणी गांव में हुई। भैणी में 20 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इसके अलावा गांव मिराण में साढ़े तीन एकड़, रामूपुरा बलियाली में दो और बैराण में आधा एकड़ समेत जिले भर में करीब 25 एकड़ फसल जल गई। नुकसान की कीमत आठ लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जिले के भैणी गांव में बुधवार दोपहर बाद पौने चार बजे जस्सा नामक किसान के खेत से एकाएक आग की लपटें उठने लगीं। पड़ोसी पाइप फैक्टरी संचालक ने किसानों और दमकल विभाग को सूचित किया। पल भर में ही आग ने आसपास के किसानों के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग का दायरा बढ़ता देख किसानों ने हांसी दमकल को भी सूचित कर दिया।
हांसी से दो और भिवानी से एक दमकल की गाड़ियों ने आग को नियंत्रित किया। प्रत्यक्षदर्शी किसान सुखबीर सिंह ने बताया कि आग में जस्सा के तीन, लीलू के आठ, बिंद्र के तीन, बलजीत व राजा के पांच और माहे नामक किसान की दो एकड़ फसल जल गई। दो घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद दमकल ने आग को काबू किया। बताया जाता है कि इन किसानों की करीब सात लाख रुपये मूल्य की फसल जल गई। आग लगने के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
उधर, बुधवार को दोपहर रामूपुरा बलियाली गांव में संदीप और सतबीर नामक किसानों के खेत में आग लग गई। आग में दोनों किसानों के एक-एक एकड़ गेहूं की फसल राख हो गई। संदीप के भतीजे विरेंद्र ने बताया कि फसल में बिजली की लाइन के शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी। भिवानी दमकल की गाड़ी ने गांव में पहुुंच कर आग बुझाई।