रोडवेज बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मारी
भिवानी
सब्जी मंडी पुलिस चौकी के पास 24 घंटे में दूसरी बार रोडवेज बस ने बाइक सवार को टक्कर मारी। चरखी दादरी डिपो की बस की टक्कर के बाद बाइक सवार घायल हो गया। घायल बाइक चालक को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया।
बता दें कि शुक्रवार सुबह एक प्राइवेट बस ने बाइक सवार गेस्ट टीचर को पीछे टक्कर मारी और इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के 32 घंटे के भीतर ठीक उसी जगह शनिवार शाम चार बजे दुर्घटना घट गई। नया बाजार लंबी गली निवासी अनिल कुमार (22) शहर के नेहरू पार्क के पास फूलों की बिक्री करता है। उसका एमसी कॉलोनी में फूलों का गोदाम है। अनिल के चाचा सन्नी ने बताया कि शनिवार शाम चार बजे अनिल बाइक पर सवार होकर गोदाम से घर की ओर जा रहा था, सब्जी मंडी पुलिस चौकी के सामने अचानक पीछे से रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद अनिल गिर गया और कार के पास चोट लगी। सन्नी ने बताया कि जिस बस ने टक्कर मारी, वह चरखी दादरी डिपो की है।