बहल। ठेके के सेल्समैन ने नौकरी के पैसे मांगे और घर जाने के लिए कहा तो ठेके के मालिक ने अपने साथियों से कहकर उसकी पिटाई करवा दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे पिछले कई दिनों से बंदी बना रखा गया था और घर नहीं जाने दिया जा रहा था। इसके अलावा आरोपियों ने सेल्समैन को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने सेल्समैन की शिकायत पर नामजद तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में झुंझुनू जिले के खेतड़ी थाना अंतर्गत जसरापुर ढ़ाणी पावटां निवासी मुकेश विक्रम ने बताया कि वह पिछले सात-आठ साल से बहल क्षेत्र के ठेकों पर बतैार सेल्समैन का काम करता रहा है। अब वह पिछले दो महीने से कतवार गांव के ठेके पर काम कर रहा है। जब उसने 20 जून को ठेका मालिक से उसने घर जाने की छुट्टी मांगी और उसे पैसे देने के लिए कहा तो ठेकेदार ने उसे गाली दी। इसके अलावा ठेके में मौजूद अन्य युवकों से उसका इलाज करने के लिए कहा। युवक उसे पास बने कमरे में ले गए। जहां उसकी जमकर पिटाई की। एक युवक ने उसे पिस्तौल से मारने की धमकी दी। वह किसी तरह से वहां से अपनी जान बचाकर भाग निकला। आरोपियों ने पीड़ित के करीब नौ हजार रुपये भी नहीं दिए है। पीड़ित ने तोशाम अस्पताल में जाकर अपना मेडिकल करवाया तथा पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने नामजद आरोपी सोनू, दीपक व दिनेश के खिलाफ केस दर्ज किया है।