भिवानी/लोहारू/ रेवाड़ी। आईपीएल के दौरान क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाकर लोहारू का युवक विक्रम बदमाश महेश के चंगुल में फंसा। वह सट्टे के खेल में हारा और नौबत जिंदगी हारने की आ गई थी। यह अकेले विक्रम के साथ नहीं बल्कि उसके जैसे अनेक युवाओं को सट्टेबाज सट्टे के खेल में उलझाकर लाखों कमा रहे हैं। बदमाश महेश और उसके साथी अन्य आपराधिक घटनाओं के साथ बुकी भी चलाते हैं। यह खुलासा बंधक बनाए युवक विक्रम ने किया। विक्रम ने बताया कि उसे 16 दिन तक तो अपने घर के एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। फिर पुलिस के आने के अंदेशे पर उसे आजाद नगर के एक मकान में बंधक बनाया। विक्रम को सही सलामत पाकर परिवार के लोग खुश हैं।
लोहारू का युवा विक्रम रेवाड़ी की एक कंपनी में नौकरी करता है। जल्द रुपये कमाने के लालच में आकर एक बार क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाया। उसके बाद वह सटोरियों के चंगुल में ऐसा फंसा कि निकलना मुश्किल हो गया। विक्रम सट्टे में रुपये हार गया। सटोरियों ने दोबारा जीत का लालच देकर फिर सट्टा खिलाया। यहां भी हार गया। इसके बाद स्टोरिए रुपये की मांग करने लगे। रुपये जितने हारा, उससे कहीं ज्यादा मांगने लगे। रुपये नहीं होने पर विक्रम को 11 मई को बंधक बना लिया। परिजनों को फोन कर धमकी दी कि बेटा चाहिए तो 12 लाख रुपये दो। विक्रम के परिजन, पिता सभी ने बदमाश महेश से गुहार लगाई मगर महेश ने किसी की नहीं सुनी। विक्रम का उसके कमरे से अपहरण किया गया। वीरवार को भी परिजनों के आश्वासन पर बदमाश महेश लोहारू में विक्रम के पिता से 12 लाख रुपये की राशि लेने ही आया था। मगर यहां पुलिस की प्लानिंग में फंस गया।
कमरे से किया अपहरण, कइयों ने खूब की मारपीट
बंधक बनाये युवक विक्रम ने बताया कि महेश बुक्की चलाता था। सट्टे लगाने का काम करता था। महेश ने 11 मई को उसके कमरे से उसका अपहरण किया। 11 से 26 मई की रात तक महेश ने सती कालोनी नाई वाली चौक में किराये के एक मकान के एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। 26 की रात को कालोनी में झगड़ा हो गया था। ऐसे में वहां पुलिस के आने का अंदेशा था। इस कारण 26 मई की रात को ही उसे वहां से निकालकर आजाद नगर कालोनी के एक मकान के कमरे में बंधक बनाकर रखा। महेश के साथ उसके बहुत से साथी आते थे और उसके साथ मारपीट करते थे। आठ-10 लोग अक्सर वहां रहते थे। उसे खाना तो दिया गया मगर मारपीट बहुत की गई। 24 मई तक उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसके परिजनों से बात होने पर रुपये मिलने की उम्मीद के चलते उसके साथ मारपीट नहीं की गई।
तीन दिन रिमांड पर तो पांच न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने बदमाशों से तीन पिस्टल, तीन देसी कट्टे और 47 कारतूस बरामद किए हैं। सरगना के कब्जे से पुलिस ने एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी भी बरामद की है। आरोपियों में तीन को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है जबकि पांच आरोपितों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।
पकड़े सभी आठ आरोपियों का न्यायालय में पेश किया गया। महेश सैनी निवासी रेवाड़ी, रवि निवासी महेंद्रगढ़, लियोन उर्फ नितीन को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है जबकि बाकी पांच आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है। - कर्णपाल सिंह, प्रभारी
लोहारू थाना