भिवानी। डाबर कॉलोनी में एक किराये के मकान पर रहने वाले एक सेल्समैन का मोबाइल चोरी कर उसी के एप का इस्तेमाल कर 12300 रुपये की नकदी निकालने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया हुआ मोबाइल व 12 हजार रुपये की नगदी भी बरामद की है।
गांव बजीणा निवासी संदीप ने बताया कि वह सेल्समैन का काम करता है। डाबर कॉलोनी में अन्य युवकों के साथ एक किराये के मकान में रहता है। उसके साथ अन्य प्रदेशों के कई युवक भी मार्केटिंग की ट्रेनिंग लेने के लिए यहां आए हुए हैं। गत 23 अप्रैल की रात को वह अपने कमरे के अंदर सो रहा था कि इसी दौरान उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया और उसके मोबाइल एप के जरिए उसके खाते से 11 हजार व 1300 रुपये की नकदी भी निकाली गई। उसका मोबाइल लापता होने के बाद से ही उनका एक साथी थी लापता हो गया था। जिसकी शिकायत उसने सिटी पुलिस को दी। संदीप ने बताया कि उसके मोबाइल फोन पर एप के जरिए आनलाइन अपने भाई को पेमेंट करते हुए उसके कमरे में रहने वाले एक युवक ने कोड देख लिया था। जो इस घटनाक्रम के बाद मोबाइल फोन चोरी होने के साथ ही गायब हो गया था। संदीप ने बताया था कि आरोपी युवक मूल रूप से पश्चिमी बंगाल का रहने वाला है और पानीपत में अपने परिवार के साथ रह रहा था। उसने उसके परिवार से भी पड़ताल की थी, लेकिन आरोपी युवक वहां भी नहीं पहुंचा था। अनाज मंडी पुलिस चौकी के जांच अधिकारी धर्मबीर ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में गहनता से जांच पड़ताल करते हुए मूल रूप से पश्चिमी बंगाल हाल पानीपत निवासी रकम आलम नामक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी के कब्जे से चोरी किया हुआ मोबाइल फोन व 12 हजार रुपये की नगदी भी बरामद हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक का एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।