भिवानी। पुलिस विभाग की साइबर सेल के इंचार्ज की गाड़ी का शीशा तोड़कर बदमाश लैपटॉप चोरी कर ले गए। लैपटॉप में महत्वपूर्ण डाटा था। सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास की दुकानों के सीसीटीवी खंगाले मगर कामयाबी नहीं मिली। आदर्श कॉलेज के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा खराब मिला वहीं दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे सिर्फ दुकान के बाहर के कुछ क्षेत्र को ही दिखा रहे थे। पुलिस देर रात तक मामले बदमाशों की तलाश में जुटी रही।
मामला मंगलवार रात करीब सवा आठ बजे का है। पुलिस की साइबर सेल के इंचार्ज रमेश कुमार गाड़ी से किसी कार्य से हांसी गेट पर आदर्श कॉलेज की सामने की मार्केट में आए थे। जब वे मार्केट में गए हुए थे तो उनकी कार का शीशा तोड़ अज्ञात बदमाश उनका लैपटॉप बैग चोरी कर ले गया। बैग में लैपटॉप के अलावा अन्य सामान था। रमेश कुमार जब मार्केट से बाहर आए तो उन्हें गाड़ी का शीशा टूटा मिला। सूचना पर सीआईए टीम, सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विद्यानंद मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने यहां मार्केट की दुकानों के सीसीटीवी भी खंगाले मगर कामयाबी नहीं मिली। एसएचओ विद्यानंद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
खराब हैं अधिकतर के कैमरे
पुलिस ने जांच की तो पाया कि आदर्श कॉलेज के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा पिछले कुछ दिनों से बंद है। भुगतान संबंधित समस्या के चलते यह बंद है। इसके अलावा मार्केट के अन्य दुकानदारों, होटल-रेस्टोरेंट संचालकों ने अपने यहां लगाए सीसीटीवी का फोकस ऐसे किया है कि दुकान के बाहर का ही हिस्सा नजर आता है। सड़क पूरी नजर नहीं आती।