खेत में सो रहे किसान को गांव के ही चार लोगों लाठी-डंडों से पीटा, घायल
- चारों पर अवैध हथियार होने और तीन हवाई फायर करने का भी आरोप, हमले की वजह पुरानी रंजिश बताई
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। गांव देवसर में बीती देर रात करीब 10 बजे खेत में बने कमरे में सो रहे किसान पर चार हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने तीन हवाई फायर कर दहशत फैलाई और फिर डंडों से किसान की बेरहमी से पिटाई की। बीच-बचाव करने पहुंचे खेत के पड़ोसी को भी हमलावरों ने घायल कर दिया। आरोपी किसान को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया और सूचना पुलिस को दी। सदर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
गांव देवसर निवासी महेंद्र ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। बीती देर शाम दस बजे खेत में बने कमरे के अंदर सो रहा था। इसी दौरान गांव के ही चार लोग वहां पहुंचे, जिसमें एक आरोपी के हाथ में पिस्तौल था। आरोपियों ने उसे पीटना शुरू कर दिया, जबकि पिस्तौल से तीन हवाई फायर भी किए गए। महेंद्र ने बताया कि गांव के ही कुलदीप के साथ उसकी कहासुनी हो गई थी। इसी को लेकर उसने साथियों संग उस पर हमला किया।