अमर उजाला ब्यूरो
बहल। हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे बहल के युवाओं की पिकअप गाड़ी को पानीपत के इसराना में एक कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गए जिनका खानपुर पीजीआई में इलाज चल रहा है वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत अस्पताल ले जाया गया। हादसे की सूचना के बाद बहल में शोक की लहर दौड़ गई। शोक स्वरूप बहल की मार्केट भी बंद कर दी गई।
बहल से कुछ युवक हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर आ रहे थे। वे पिकअप गाड़ी में सवार थे। 10 युवक गाड़ी में बैठे थे, जबकि उनका साथी विक्रम गंगा जल लेकर साथ-साथ भाग रहा था। वे जैसे ही पानीपत के इसराना पहुंचे तो एक कैंटर ने उनकी पिकअप गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। इसमें पिकअप अनियंत्रित हो गई और वह सड़क किनारे खेतों में जा घुसी। वहीं कैंटर ने पिकअप के साथ दौड़ रहे विक्रम को कुचल दिया। इससे विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए। घायलों को खानपुर पीजीआई रेफर किया गया है। मृतक विक्रम बहल मंगल मार्केट में चूड़ियों की दुकान चलाता था। माता-पिता के निधन के बाद पूरे परिवार की जिम्मेवारी उसके कंधों पर थी। विक्रम की माता की कई साल पहले मौत हो गई थी जबकि पिता की इसी वर्ष जनवरी में बीमारी के बाद निधन हुआ था। विक्रम ही परिवार का जिम्मेदार सदस्य था जबकि उसका छोटा भाई संदीप उसके काम मे हाथ बंटाता था।
विक्रम की मौत का समाचार मिलते ही बहल बाजार बंद हो गया और लोग गमगीन हो गए। विक्रम के साथ गए युवाओं ने बताया कि विक्रम का हरिद्वार जाने का प्रोग्राम अंतिम समय पर बना था मगर यह किसे पता था कि यह उसकी आखिरी यात्रा होगी।