फाइनेंसरों से तंग सेवानिवृत्त एएसआई के बेटे ने निगला जहर, मौत
- अज्ञात फाइनेंसरों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त एएसआई के बेटे ने फाइनेेंसरों से तंग आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। अस्पताल में पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो गई। परिजनों ने कुछ फाइनेंसरों पर अनाप-शनाप ब्याज वसूलकर तंग करने का आरोप लगाया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला रविवार रात का है। रात करीब पौने 11 बजे दिनोद वासी करीब 30 वर्षीय दुकानदार मनेंद्र ने तोशाम बाईपास बापोड़ा मोड़ पर संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए इमरजेंसी ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मनेंद्र की गांव में ही परचून की दुकान है, इसके अलावा वह गाड़ी भी चलाता था। उसके तीन बच्चे हैं। मृतक के पिता सेवानिवृत्त एएसआई राज कुमार ने बताया कि उसके बेटे को कुछ फाइनेंसर अनाप-शनाप ब्याज वसूल कर परेशान कर रहे। पिछले साल जब वह सेवानिवृत्त हुआ तब भी उसने साढ़े 10 लाख रुपये फाइनेंसरों को चुकाये थे। अब फिर से फाइनेंसर उसके बेटे को तंग कर रहे थे। पुलिस ने युवक की मौत मामले में पिता की शिकायत पर अज्ञात फाइनेंसरों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। सदर थाना से एएसआई सज्जन सिंह ने बताया कि दिनोद वासी मनेंद्र की जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत हुई। परिजनों के बयान पर अज्ञात फाइनेंसरों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
पिता जी, मैने जहरीला पदार्थ निगल लिया है
मृतक मनेंद्र ने जहरीला पदार्थ निगलने के बाद अपने पिता राज कुमार को फोन करके बताया कि मैने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। राज कुमार ने बताया कि उसका बेटा एक सेठ की गाड़ी चलाता था और वह खाटूश्याम गया था। उसके पास रात करीब साढ़े 10 बजे के बाद बेटे का फोन आया था कि पिता जी मैने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। जब तक वे पहुंचे तब तक मनेंद्र सिंह की मौत हो चुकी थी।
फोटो 08