शादी में जा रहे बाइक सवार भाई-बहन को पिकअप ने मारी टक्कर, गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। शादी में जा रहे बाइक सवार भाई-बहन को पिकअप ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया जहां युवक की हालत गंभीर होने के चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पिअकप चालक गाड़ी को मौके पर छोड़ फरार हो गया।
हादसा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। बड़ेसरा निवासी युवक करीब 26 वर्षीय नवीन बाइक से अपनी बहन सुनीता को लेने उसके ससुराल तालू गया था। वहां से दोनों भाई-बहन बाइक से अपने गांव के लिए निकले थे। जब वे तिगड़ाना मोड़ पर पहुंचे तो एक पिकअप डाला ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक पिकअप के नीचे दबकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक के टायरों के भी टुकड़े हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों भाई-बहनों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया जहां नवीन को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक भेज दिया। सूचना पर परिजन व गांव के लोग भी अस्पताल पहुंचे। तालू के पूर्व सरपंच व वार्ड पांच से पार्षद ईश्वर मान भी अस्पताल पहुंच घायलों का हालचाल जाना और पिकअप चालक पर कार्रवाई की मांग की।