उड़ीसा में करोड़ों के घोटाले मामले दंपति समेत तीन गिरफ्तार
भिवानी। उड़ीसा में करोड़ों रुपये के घोटाले मामले में सीआईए पुलिस ने उड़ीसा पुलिस की मदद से दंपति समेत तीन आरोपियों को भिवानी के सेक्टर 13 से गिरफ्तार किया है। उड़ीसा पुलिस आरोपियों को 48 घंटे के ट्रांजिस्ट रिमांड पर अपने साथ ले गई। इनके खिलाफ धोखाधड़ी व गबन के करीब 19 मामले दर्ज हैं।
उड़ीसा पुलिस और सीआईए पुलिस ने सोमवार रात को संयुक्त रूप से सेक्टर 13 में रह रहे बंटी अग्रवाल, उसकी पत्नी सबीता अग्रवाल और बंटी के पिता राजेंद्र अग्रवाल को गिरफ्तार किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उड़ीसा के नवापाड़ा जिले के निवासी बंटी अग्रवाल, बंटी की पत्नी सबीता अग्रवाल तथा पिता राजेन्द्र अग्रवाल ने पीडब्ल्यूडी विभाग से लाइसेंस बनवाया और करोड़ों रुपये के सड़क निर्माण के ठेके हासिल किए। लेकिन काम पूरा करने की बजाय बीच में छोड़ दिया। आरोप है कि ठेके की प्रतिभूति राशि के दस्तावेज भी फर्जी तैयार कर तीनों ने उड़ीसा के पीडब्ल्यूडी विभाग को करोड़ों रुपये का चूना लगाकर वहां से फरार हो गए। इस मामले में अन्य ठेकेदारों की तरफ से उड़ीसा में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
सीआईए इंचार्ज रविन्द्र कुमार ने बताया कि उड़ीसा पुलिस ने उनसे संपर्क किया और साथ मिलकर सेक्टर 13 में छापेमारी कर इस अग्रवाल परिवार के तीनों सदस्यों को गिरफ्तार किया। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट हर्ष कुमार की अदालत में पेश कर आरोपियों को 48 घंटे के ट्रांजिस्ट रिमांड पर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद उड़ीसा पुलिस के हवाले कर दिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी अग्रवाल परिवार मूल रुप से झज्जर जिला के गांव दुबलधन माजरा निवासी है।