भिवानी। गांव देवसर में पड़ोसी द्वारा अवैध शराब बिक्री से रोकने पर एक बुजुर्ग दंपति का अपहरण कर बंधक बनाकर मारपीट की । सूचना पर सदर थाना पुलिस देर रात गांव पहुंची और आरोपियों के चंगुल से दंपति को छुड़वाया। सदर पुलिस ने बुजुर्ग महिला की शिकायत पर एक महिला सहित सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी।
गांव देवसर निवासी 50 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 1 जनवरी की दोपहर बाद साढ़े 3 बजे पड़ोस के ही लोगों के साथ अवैध रूप से शराब बिक्री को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी मामले को लेकर देर रात को आरोपियों ने उनके घर पर हमला कर दिया। उसके पति सहित उसे भी उठाकर अपने घर में ले गए और बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने कई घंटों तक उन्हें अपने ही घर के बंधक बनाए रखा। किसी ने इसकी सूचना सदर पुलिस को दी। पुलिस ने ही मौके पर पहुंचकर उन्हें आरोपियों के चंगुल से आजाद कराया। इसके बाद मामले की शिकायत सदर पुलिस को दी गई। बुजुर्ग महिला के बयान दर्ज कर पुलिस ने गांव देवसर निवासी एक महिला सहित सात लोगों के खिलाफ अपहरण कर मारपीट करने एवं जान से मारने की धमकी देने पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी।