टाटा 407 की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत
भिवानी। टाटा 407 की टक्कर से हालुवास गांव के नजदीक बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद टाटा 407 चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोविंदपुर वासी करीब 45 वर्षीय रवींद्र नया बाजार में गाटर-पत्थर की दुकान पर मजदूरी करता है। मामला मंगलवार रात को वह काम खत्म करने के बाद बाइक से घर जा रहा था। हालुवास गांव में पेट्रोल पंप के पास एक टाटा 407 गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतक के चार बच्चे है, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा है। सभी अविवाहित है और पूरे परिवार की जिम्मेवारी रवींद्र के ही कंधों पर थी। हादसे में रवींद्र की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। परिजन जय सिंह ने बताया कि रात को करीब 11 बजे तो टाटा 407 गाड़ी घटनास्थल पर ही थी, बाद में चालक उसे ले गया। मामले के जांच अधिकारी सदर थाना से हेड कांस्टेबल अमर सिंह ने बताया कि चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर हादसा करने का केस दर्ज कर लिया है।