क्रशर में फंसा मजदूर का हाथ, मौत
तोशाम (ब्यूरो)। डाडम जोन एरिया में एक क्रेशर पर काम करते मजदूर का हाथ फंस गया और उसकी मौत हो गई। मृतक बिहार का रहने वाला था। पुलिस ने मृतक के भाई की सूचना पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
बिहार के गांव काढ़ेली तहसील प्लासी जिला अररिया निवासी प्रमोद मंडल ने पुलिस को बताया कि वह और उसका भाई राकेश (28 वर्ष) क्रशर पर कार्य कर रहे थे। क्रशर पर राकेश बतौर फोरमैन कार्यरत था। पत्थर फंसने की वजह से मशीन काफी धीरे-धीरे चल रही थी। इसकी वजह से राकेश मंडल पत्थर हटाने लगा तो उसका हाथ मशीन में फंस गया। उसने भागकर मशीन बंद की गई तब तक भाई बेहोश हो चुका था। इसके बाद अन्य साथियों को आवाज लगाई। इसके बाद मशीन से बाहर निकाला गया लेकिन तब तक राकेश दम तोड़ चुका था। प्रमोद ने बताया कि राकेश पिछले करीबन सात साल से खानक-डाडम में कार्य करता था। थाना प्रभारी सुखबीर जाखड़ ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।