दोस्तों में रौब जमाने के लिए लाया था हथियार, सीआईए टीम ने किया गिरफ्तार
भिवानी। दोस्तों पर रौब जमाने के लिए कोचिंग में लाए अवैध हथियार के साथ युवक को पुलिस ने काबू कर लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह अपने दोस्त से सिर्फ शौकिया तौर पर रिवाल्वर लाया था। युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
सीआईए टीम के सदस्य मुख्य सिपाही कृष्ण कुमार गश्त पर थे तो उन्हें भगत सिंह चौक पर एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। जिसके बाद उन्होंने युवक को काबू कर तलाशी ली तो उसके पास एक अवैध रिवाल्वर और दो जिंदा कारतूस मिले। युवक की पहचान राहुल वासी जागसी थाना बिटाणा जिला सोनीपत के रूप में हुई जो फिलहाल धनाना-1 में अपनी बुआ के पास रह रहा था। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह भगत सिंह चौक के पास ही एक अकादमी में कोचिंग ले रहा है। रिवाल्वर ने उसने धनाना गांव के ही एक दोस्त से लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
भिवानी। जिला पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से तीन उद्घोषित अपराधियों को काबू किया है।
तोशाम थाना से एएसआई राजपाल ने अपनी टीम के साथ सूचना के आधार पर खानक वासी विनोद को गिरफ्तार किया है। तोशाम थाना के ही मुख्य सिपाही दलबीर ने अपनी टीम के साथ पीओ जयसिंह वासी बैहरा को तोशाम के सुरेंद्र चौक से गिरफ्तार किया। वहीं मुख्य सिपाही राजपाल ने अपनी टीम के साथ सुचना पर छपार जोगियान वासी कृष्णचंद्र को तोशाम बस अड्डे से गिरफ्तार किया। तीनों पकड़े गए पीओ को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।