गांव थिलोड़ में रात के समय घर में घुसकर लूटपाट करने और महिला की हत्या करने का मामला सामने आया है। मृत मिली महिला के गले, कानों और नाक से भी आभूषण निकाले गए। इसके अलावा करीब 10 हजार की नकदी भी संदूक का ताला तोड़ ले गए। महिला के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे है कि मुंह दबाकर हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिवानी अस्पताल लाया गया जहां से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। जहां चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने भी गांव में पहुंचकर मौके का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस ने लूट और हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
मामला वीरवार रात का है। गांव थिलोड़ वासी 58 वर्षीय महिला अपने घर में ही मृत मिली। घर में सामान बिखरा हुआ था। संदूक का ताला तोड़ा हुआ था और महिला द्वारा पहने गए आभूषण कानों की बालियां, नाक की तिल्ली, गले का लॉकेट भी गायब था। संदूक का ताला तोड़कर करीब 10 हजार की नकदी भी चोरी की हुई थी। सूचना के बाद डीएसपी विरेंद्र सिंह, तोशाम थाना प्रभारी जय सिंह मौके पर पहुंचे। शाम करीब चार बजे पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव थिलोड़ निवासी रमेश कुमार ने बताया है कि वह खेत में ही मकान बनाकर रहता है। फोन पर सूचना मिली कि मेरी भाभी संतोष (58 वर्ष) की मौत हो गई है। इस सूचना के बाद बेटे अमन के साथ गांव में आए तो भतीजे की पत्नी कविता ने घटना की जानकारी दी। कविता बताया कि उनकी भैंस बयाने वाली है। रात को नौ बजे अपनी सास संतोष को मकान पर छोड़कर भैंस की रखवाली के लिए प्लॉट में चली गई थी। वह तीन दिन से भैंस के कारण प्लॉट में ही सो रही है। शिकायत में रमेश ने बताया कि कविता ने बताया कि उसका लड़का भी वहीं सो गया। सुबह मकान पर आई तो मकान का मैन लोहे का गेट बंद था। आवाज लगाने पर भी सास उठकर नहीं आई तो वापस प्लॉट में जाकर बेटे व भाई को साथ लेकर आई। इसके बाद साथ लगते खाली प्लाट से जाकर दरवाजा खोला। अंदर घर के दरवाजे खुले थे। सास जिस कमरे में सोई थी, वहां न मिलकर दूसरे कमरे में मृत मिली। संदूक व अलमारी के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा था। रमेश ने बताया कि कविता के बताने के बाद जब मैंने आकर देखा तो भाभी के नाक, कानों व गले के गहने नहीं थे। भाभी को देखने के बाद अन्य सामान देखा तो अलमारी में रखे करीबन 10 हजार की नकदी व आभूषण गायब थे। रमेश ने आरोप लगाया क ि कोई चोरी और लूटपाट के इरादे से घर में घुसा है और उसने भाभी की हत्या की है।
लूट या हत्या कर किया लूट का दिखावा
महिला की हत्या संदिग्ध है। लूट के लिए हत्या की गई या हत्या कर लूट का दिखावा किया जा रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। शक की सूई नजदीकियों पर भी है। दरअसल महिला के कानों की बालियां, नाक की तिल्ली, गले का लॉकेट गायब है। संदूक का ताला तोड़कर करीब 10 हजार की नकदी चोरी की गई है। जिस संदूक से नकदी चोरी की गई है, उसी संदूक में कपड़ों के नीचे करीब एक लाख के अन्य आभूषण भी थे, जो सुरक्षित मिले है। अब शक है कि या तो लुटेरों को आभूषण नजर नहीं आए या फिर हत्या कर लूट का ड्रामा रचा गया है। यह पुलिस खुलासा हत्यारों के पकड़े जाने के बाद होगा।
महिला संतोष की मौत हुई है। हत्या कैसे की गई है, यह पोस्टमार्टम के बाद ही खुलासा होगा। महिला के देवर रमेश की शिकायत पर धारा 460 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिवानी भेजा गया जहां से पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम होगा। मामले में हरेक एंगल से जांच की जा रही है और प्रयास है कि जल्द ही इसका खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- जय सिंह, एसएचओ, तोशाम थाना