बहला-फुसलाकर 10वीं की छात्रा का अपहरण करने और फिर शराब पिलाने का मामला प्रकाश में आया है। किशोरी का ट्यूशन के बाद अपहरण कर आरोपी करीब पांच-छह घंटे तक गाड़ी में घुमाते रहे। पुलिस ने किशोरी के पिता की शिकायत पर दो के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला बुधवार का है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी वासी 10वीं की छात्रा बुधवार सुबह करीब 10 बजे ट्यूशन पढ़ने गई थी। आरोप है कि ट्यूशन से आते समय दो युवकों ने उसका अपहरण कर लिया। इस दौरान आरोपी शराब के नशे में थे। आरोपियों ने किशोरी को भी शराब पिलाई।
आरोपी शाम करीब साढ़े पांच-छह बजे किशोरी को हांसी गेट क्षेत्र में ही छोड़ा। सूचना पर उसके परिजन वहां पहुंचे और इसकी शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। यहां के बाद मामला महिला थाना में भेजा गया। रात को ही महिला थाना पुलिस किशोरी को मेडिकल के लिए सामान्य अस्पताल लेकर पहुंची। वीरवार दोपहर को किशोरी के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान करवाए गए। मामले में महिला पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच कर रही महिला थाना प्रभारी धर्मली देवी ने बताया कि अपहरण की शिकायत किशोरी के पिता ने दी है। जिसके आधार पर दो के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।