लोहारू। लोहारू के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता एवं ठोस कचरा प्रबंधन सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर विशेष जागरूक कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्य पूनम श्योराण ने पौधरोपण कर किया। प्राचार्य पूनम श्योराण ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान न होकर दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली आदत है।
इसके पश्चात आयोजित श्रमदान के दौरान शिक्षकों, विद्यार्थियों और प्राचार्य ने मिलकर पूरे स्कूल परिसर की सफाई की और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक कमल शर्मा ने ठोस कचरा प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने गीले, सूखे, घरेलू खतरनाक और सैनिटरी कचरे के निष्पादन के लिए चार अलग-अलग डस्टबिन के उपयोग का महत्व समझाया।
उन्होंने बताया कि स्कूल में पिछले 5 दिनों में लगभग 15 किलोग्राम सूखा कचरा एकत्र हुआ है, जिससे औसतन 3 किलोग्राम दैनिक कचरे का आकलन होता है। उन्होंने 3आर (कम करना, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण) को अपनाने की प्रेरणा दी।
इस दौरान विद्यार्थियों के लिए कविता पाठ, वाद-विवाद व पेंटिंग प्रतियोगिताएं करवाई गईं और जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उमेद सिंह, अन्नू रानी, महेश कुमार, शीला देवी, मुकेश कुमार, सुरेश कुमार सहित अनेक शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।