लोहारू में सड़क निर्माण पर रोष जताते लोग।
लोहारू। शहर के वाल्मीकि चौक से रानी सती मंदिर तक करीब 13.90 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही सड़क के निर्माण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। निर्माण कार्य शुरू होने के महज दो घंटे के भीतर ही सड़क के बीचों-बीच दरारें पड़ने लगीं जिससे आक्रोशित स्थानीय निवासियों और पार्षदों ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण में अत्यंत घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है और तकनीकी मानकों की पूरी तरह अनदेखी की गई है। लोगों का कहना है कि यदि सड़क बनते ही टूटने लगी है तो भविष्य में यह राहगीरों के लिए बड़ी समस्या बन जाएगी।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच की जाए और दोषी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। इस दौरान पार्षद महेश गांधी, राजेश सैनी और अजय शर्मा ने बताया कि जब तक गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं होती कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग के जेई कृष्ण सैनी ने बताया कि शिकायत मिलते ही निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया गया है। जेई ने कहा कि शुक्रवार सुबह से निर्धारित मानकों और उचित गुणवत्ता वाली सामग्री के साथ काम दोबारा शुरू करवाया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वार्ड वासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।