राज्य पशुधन बोर्ड ने भिवानी समेत तीन जिलों के देसी गाय पालकों को इनसेंटिव देने का निर्णय लिया है। तीन जिलों के करीब 15 सौ गाय पालकों में 2.38 करोड़ रुपये इनसेंटिव बंटेगा। सारी तैयारी पूरी हो चुकी हैं, जल्द ही इनसेंटिव वितरित होगा।
देसी गाय पालन को प्रोत्साहन के लिए राज्य सरकार ने इनसेंटिव देने की योजना आरंभ की है। पहले चरण में यह योजना तीन जिलों में शुरू की गई है। भिवानी, रोहतक व झज्जर जिले की देसी गायों का डेटा जुटा लिया है। जल्द ही देसी गाय पालकों को इनसेंटिव दिया जाएगा।
इस योजना में केवल उन देसी नस्ल की गायों को शामिल किया गया है, आठ से लेकर 12 किलोग्राम दूध देती हैं। आठ से 10 किलो दूध देने वाली गाय के पालक को 15 हजार रुपये इनसेंटिव दिया जाएगा और 10 से लेकर 12 किलो दूध देने वाली गाय के पालक को 20 हजार रुपये इनसेंटिव दिया जाएगा।
राज्य पशुधन बोर्ड के निदेशक मंडल के चेयरमैन ऋषि प्रकाश शर्मा ने बताया कि तीन जिलों के लिए 2.38 करोड़ रुपये का इनसेंटिव तैयार है। जल्द ही कार्यक्रम कर इनसेंटिव बांटा जाएगा। उन्होंने बताया कि यह योजना देसी गायों के पालन को प्रोत्साहन के लिए शुरू की गई है। इस योजना का चरणबद्ध तरीके से अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा।
--
तीन जिलों में देसी गायों की संख्या
भिवानी -- 650
रोहतक -- 650
झज्जर -- 175