फोटो 01 गोशाला संचालक को चेक प्रदान करते हुए गोसेवा आयोग के चेयरमैन भानीराम मंगला
- फोटो : Bhiwani
हरियाणा गो सेवा आयोग के चेयरमैन भानीराम मंगला ने कहा कि अब प्रदेश की गोशालाएं सौर ऊर्जा से जगमग होंगी, क्योंकि मुख्यमंत्री गोशाला जगमग योजना के तहत मात्र 10 प्रतिशत राशि देकर गोशालाओं में सोलर प्लांट लगाएं जा सकेंगे। वहीं गो तस्करी व गोमांस में प्रयुक्त होने वाले वाहनों की सुपरदारी अब नहीं हो सकेंगी। ऐसे वाहन पकड़े जाने पर सीधे जब्त होंगे। इसके लिए गो संवर्धन कानून में परिवर्तन किया जा रहा हैं। यह बात वीरवार को महम रोड स्थित आदर्श गोशाला का दर्जा प्राप्त भिवानी गोशाला में गोसेवा आयोग के चेयरमैन भानीराम मंगला ने कही। भिवानी गोशाला में जिले भर की गोशालाओं को गो सेवा आयोग द्वारा ग्रांट वितरण कार्यक्रम किया गया। विधायक एवं भिवानी गोशाला के ट्रस्टी घनश्याम सर्राफ व भिवानी गोशाला ट्रस्ट के प्रधान मोहनलाल बुवानीवाला ने चेयरमैन भानीराम मंगला का गोशाला पहुंचने पर अभिनंदन एवं स्वागत किया। भानीराम मंगला ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में 2015 से लेकर मार्च 2019 तक प्रदेश की पंजीकृत 462 गोशालाओं को 63 करोड़ 64 लाख 81 हजार 620 रुपये की अनुदान राशि बांटी जा चुकी हैं। वित्तीय वर्ष 2019-20 में 15 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि गोसेवा आयोग द्वारा गोशालाओं को अनुदान के रूप में बांटी जाएंगी। जिसकी शुरूआत में ग्रांट वितरण के साथ की गई है। भिवानी की विभिन्न गोशालाओं को 58 लाख 46 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। चेयरमैन ने कहा कि मुुख्यमंत्री मनोहर लाल की पहल पर हरियाणा की सभी गोशलाओं को मुख्यमंत्री गोशाला जगमग योजना के तहत सोलर ऊर्जा प्लेटें 90 प्रतिशत अनुदान पर अक्षय ऊर्जा विभाग के माध्यम से दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि गोशालाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए गोबर के गमले, डंडे, धूप-बत्ती, टिकिया, गोमूत्र से फिनाइल व कीटनाशक दवाईयां बनाने वाले उपकरण खरीदने पर 90 प्रतिशत सब्सिडी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। विधायक घनश्याम सर्राफ ने भी गोशाला संचालकों से आह्वान किया कि जो गोशाला पंजीकृत नहीं है, वे जल्द से जल्द पंजीकरण करवाकर गोसेवा आयोग द्वारा दी जा रही सहायता राशि का लाभ उठाएं। भिवानी गोशाला ट्रस्ट की तरफ से प्रधान मोहनलाल बुवानीवाला ने चेयरमैन को आदर्श गोशाला का दर्जा दिए जाने पर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने गोशाला की भावी योजनाएं भी आयोग के चेयरमैन के समक्ष रखी। ग्रांट वितरण समारोह में पशु पालन विभाग के उपनिदेशक डॉ जयसिंह, पशु चिकित्सक डॉ मोहनलाल, विजय कुमार गोयल, कमल प्रसाद अग्रवाल, सुरेंद्र जिंदल, रामनिवास सिवानीवाले, नंदकिशोर अग्रवाल, विक्की महता, पतराम मित्तल, संत कुमार आदि मौजूद रहे।