भिवानी। अक्सर लोग सवाल उठाते थे कि स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस, टीमें और पुलिस कोरोना पॉजिटिव को लेने ऐसे जाती हैं, जैसे वो कोई अपराधी हो। अब ऐसा नहीं होगा। कोरोना पॉजिटिव मरीज अगर घर में आइसोलेट होना चाहेगा तो वह घर में ही रह सकेगा। इस संबंध में सिविल सर्जन ने नए निर्देश जारी किए हैं। वहीं मंगलवार को राहत भरी खबर यह रही कि कोई पॉजिटिव केस नहीं आया और दो मरीजों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। मंगलवार को 100 नए सैंपल जांच के लिए पीजीआई रोहतक भेजे गए। वहीं आइसोलेशन में उपचाराधीन तीन कोरोना पॉजिटिव के भी सैंपल जांच के लिए दोबारा भेजे गए है।
कमेटी करेगी निगरानी, इन बातों का रखना होगा ध्यान
जिले में प्रतिदिन कोरोना के पॉजिटिव मरीज बढ़ते जा रहे हैं, ऐसे में बहुत से मरीज होम आइसोलेशन में जाना चाहते हैं। ऐसी स्थिति में कोरोना पॉजिटिव मरीज को होम आइसोलेट करने व उसकी देखभाल के लिए कमेटी गठित की गई है। पहले कोरोना पॉजिटिव मरीज को विभाग की ओर से निर्धारित क्वारंटीन सेंटरों में रखा जाता था, लेकिन राज्य मुख्यालय से प्राप्त नई गाइडलाइन के अनुसार कोरोना पॉजिटिव मरीज अगर चाहे तो वह होम क्वारंटीन हो सकता है या विभाग की ओर से चयनित क्वारंटीन सेंटर में रह सकता है। कमेटी में सभी चिकित्सा प्रभारी, उसी क्षेत्र का हेल्थ वर्कर और पब्लिक हेल्थ मैनेजर की निगरानी में मरीज को होम आइसोलेट किया जाएगा। कमेटी के सदस्य यह देखेंगे कि मरीज को अलग से कमरे में रखा जाए, मरीज घर से बाहर ना निकलें, मरीज का सामान केवल वही प्रयोग करे और वहां पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
वार्ड सर्वेंट और एक अन्य हुए ठीक
दोबारा भेजे गये सैंपल में से दो कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इनमें एक सामान्य अस्पताल का वार्ड सर्वेंट भी शामिल है। दोनों को मंगलवार को डिस्चार्ज किया गया।
100 सैंपल भेजे, 130 की रिपोर्ट पहले से लंबित
सिविल सर्जन जितेंद्र कादयान ने बताया कि मंगलवार को विभाग की ओर से 100 सैंपल जांच के लिए पीजीआई रोहतक भेजे गए हैं। सोमवार तक भेजे गए सैंपलों में से 130 सैंपल की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। जिले में मंगलवार को गांव नाथुवास के 505 घरों के 2701 लोगों, तिगड़ाना के 1352 घरों के 6871 लोगों, बाग कोठी एरिया के 802 घरों के 4034 लोगों, सिरसा घोघड़ा से 468 घरों के 2576 लोगों, बामला से 641 घरों के 3376 लोगों, बवानी खेड़ा में 501 घरों के 2595 लोगों, गांव कायला से 774 घरों के 4538 लोगों, गांव प्रेमनगर से 602 घरों के 2956 लोगों, गांव सांगा से 895 घरों के 4812 लोगों, बिचला बाजार में 562 घरों के 3098 लोगों, ढाणा रोड पर 210 घरों के 1170 लोगों, भुरटाना में 611 घरों के 3117 लोगों, कृष्णा कॉलोनी में 62 घरों के 285 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। गांव चांग में 415 घरों के 1951 लोगों, मानहेरू में 439 घरों के 2825 लोगों, दुल्हेड़ी में 121 घरों के 741 लोगों, मधमाधवी में 88 घरों के 440, हालु बाजर में 48 घरों के 239 लोगों, तोशाम में 105 घरों के 475 लोगों, 9201 घरों के 48800 लोगों की स्क्रीनिंग की गई।
सामान्य अस्पताल से कोरोना संक्रमित मरीजों के ठीक होने पर उनको घर भेजते स्वास्थ्य विभाग के अधिका?- फोटो : Bhiwani