कोरोना वायरस के खतरे के बीच अब स्वास्थ्य विभाग की नजर मानहेरू वासी पॉजिटिव रिपोर्ट वाले जमाती की तीसरी रिपोर्ट पर टिकी है। अब तक उसकी दोनों रिपोर्ट पॉजिटिव रही है। सोमवार को उसका तीसरा सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। इसके अलावा छह अन्य सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए जबकि पहले से एक की रिपोर्ट लंबित है।
कोरोना वायरस को लेकर देशभर में हड़कंप मचा है। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। अब तक 169 सैंपल जांच के लिए भेजे है। जिनमें से दो की रिपोर्ट अभी लंबित है। अब तक जिले में दो ही पॉजिटिव सामने आए है, जिनमें एक मानहेरू और दूसरा संडवा गांव से है। संडवा गांव का पॉजिटिव पाया गया जमाती अब ठीक हैऔर उसकी दूसरी और तीसरी रिपोर्ट निगेटिव रही। जिसके बाद उसे छुट्टी देकर घर भेज दिया गया है। वहीं मानहेरू वासी पॉजिटिव पाए गए जमाती की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव रही थी। अब नियमानुसार चार दिन बाद सोमवार को उसका तीसरा सैंपल लिया गया। जिसे जांच के लिए पीजीआई रोहतक भेजा गया है। इस रिपोर्ट पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों की नजर टिकी है। वहीं, इसके गांव में भी एक-एक व्यक्ति के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची अनाज मंडी, आढ़तियों का जांचा स्वास्थ्य
अनाज मंडी में फसल बिक्री प्रक्रिया शुरू होने को है और यहां किसानों के साथ-साथ मजदूर भी आएंगे। इसी के तहत स्वास्थ्य विभाग ने भी यहां सभी का स्वास्थ्य जांचने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई है। जो अनाजमंडी में जाकर सभी आढ़तियों के स्वास्थ्य की जांच करेंगी। सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कादियान ने बताया कि विभाग द्वारा अर्बन एरिया में दो टीमें गठित की है जो प्रतिदिन स्लम एरिया, झुग्गी-झोपड़ी व अन्य एरिया में जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेंगी।
टीम अधिकारी अर्बन नोडल ऑफिसर डॉ. देवेंद्र ने बताया कि सिविल सर्जन के आदेशानुसार टीम द्वारा अनाजमंडी में आढ़ती एवं उनके परिचितों के स्वास्थ्य की जांच की गई है। इसमें सभी लोगों में कोरोना लक्षणों, बीपी, शुगर, जुकाम, बुखार आदि अन्य बीमारियों के बारे में जांच की गई। 154 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर दवा वितरित की गई। अगर किसी को स्वास्थ्य संबंधित कोई शिकायत है तो वह सामान्य अस्पताल भिवानी में बने फ्लू कार्नर में जाकर अपना चेकअप करवा सकता है।
वहीं, सिविल सर्जन ने बताया कि रविवार को 1 व्यक्ति का सैंपल भेजा गया है। अब तक 171 व्यक्तियों के सैंपल विभाग की ओर से भेजे गए थे। जिसमें से 7 की सैंपल रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। डीएसओ (आईडीएसपी) डॉ. संध्या गुप्ता ने बताया कि अभी तक विभाग द्वारा कुल 171 व्यक्तियों के सैंपल भेजे गए थे, जिसमें से अभी एक व्यक्ति गांव मानहेरू निवासी कोरोना पॉजिटिव है। वहीं, दो व्यक्तियों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। अभी तक 317 ऐसे यात्री है, जिनका 28 दिन का निगरानी समय पूरा हो चुका है और 143 यात्री, जमाती व अन्य को विभाग की निगरानी में 28 दिन तक रखा जाएगा। क्वारंटीन सेंटर बाबा योगीनाथ अस्पताल लोहानी में अब 18 लोगों को रखा गया है।