हांसी गेट पर आमजन को मास्क देकर कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करते लोग।
- फोटो : Bhiwani
कोरोना वायरस संक्रमण की आशंका के मद्देनजर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने परिसर में 31 मार्च तक सार्वजनिक प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है। बोर्ड ने अपील की है कि इस दौरान बोर्ड संबंधी कार्यों के लिए ऑनलाइन आवेदन करें। प्रशासन ने नरहड़पीर बाबा की दरगाह पर लगने वाले मेले में श्रृद्धालुओं से न जाने की अपील की है। फौजी कैंटीन को 31 मार्च तक बंद कर दिया है। इसके अलावा गांव लोहानी स्थित श्री बाबा योगीनाथ अस्पताल में 100 बेड का स्पेशल वार्ड बनाया गया है। झुंझुनू जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर दी गई है।
कोरोना वायरस के चलते शुक्रवार को सामान्य अस्पताल की ओपीडी के दोनों गेटों पर आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के हाथ सेनिटाइजर से धुलवाए गए। नप कार्यालय के मुख्य गेट पर पानी और डिटॉल रखा गया। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 24 मार्च अवकाश घोषित किया है। सेना की कैंटीन को भी 31 मार्च तक बंद कर दिया है। वहीं, राजस्थान के झुंझुनू में कोरोना वायरस संक्रमित तीन व्यक्तियों की पुष्टि हुई है। उपायुक्त अजय कुमार ने लोगों से नरहड़ पीर की दरगाह पर 21 से 23 मार्च तक लगने वाले मेेले में न जाने की अपील की है। इसके अलावा झुुंझुनू जाने वाले सभी रास्तों पर नाके लगाकर श्रद्धालुओं को वहां जाने से रोकने के निर्देश दिए है।
श्रीबाबा योगीनाथ अस्पताल में स्पेशल वार्ड
श्रीबाबा योगीनाथ अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर गांव लोहानी को कोविड-19 के लिए स्पेशल वार्ड बनाया गया है। यहां 100 बेड आरक्षित किए गए है। सिविल सर्जन जितेंद्र कादियान ने बताया कि इस सेंटर में विभाग उन यात्रियों को 14 दिन के लिए रखेगा जो यात्री कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आते हैं। इसके लिए एक एक निगरानी कमेटी भी गठित की गई है। सिविल सर्जन ने यह भी बताया कि अगर जरूरत पड़ी तो किशनलाल जालान राजकीय नेत्र हस्पताल को भी आईसोलेशन वार्ड बनाया जा सकता है।
चार और व्यक्तियों की सूची मिली
सिविल सर्जन ने बताया स्वास्थ्य विभाग को चार व्यक्तियों की नई सूची प्राप्त हुई है, जो विदेश से आए हैं। इनके बारे में पता लगाया गया है। जिनमें तीन व्यक्ति गुरुग्राम में ही रह रहे हैं और एक लोहारू से हैं। सभी स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं। अब तक जिला में 83 व्यक्तियों की सूची मिली हैं, जिनमें से 79 को ट्रेस किया जा चुका है।