भिवानी। शहर के पॉश इलाके केएम कॉलोनी में पिछले काफी समय से गंदे और बदबूदार पानी की आपूर्ति से लोग परेशान हैं। वीरवार को दूषित पानी की आपूर्ति होने पर कॉलोनीवासियों ने रोष जताते हुए संबंधित विभाग से शीघ्र समाधान की मांग की।
कॉलोनी निवासी प्रोफेसर राजकुमार मुंढाल ने बताया कि बीते करीब 15 दिनों से नलों में मटमैला पानी आ रहा था जबकि पिछले पांच-छह दिनों से हालात और बिगड़ गए हैं। अब काला और बदबूदार पानी सप्लाई हो रहा है जिससे पीने और घरेलू उपयोग के लिए टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है।
इस समस्या के समधान के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अभियंता सुनील रंगा से संपर्क किया गया था। इसके बाद कार्यकारी अभियंता कपिल से बात हुई जिन्होंने उपमंडल अभियंता को मौके पर भेजने का आश्वासन दिया लेकिन कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में अधिकारियों ने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
राजेंद्र सिंह दूहन ने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले भी इसी क्षेत्र में इसी तरह की समस्या सामने आई थी। साईं हॉस्टल के पास और डॉक्टर राज मेहता के घर के नजदीक बूस्टिंग स्टेशन से जुड़ी मुख्य जलापूर्ति लाइन और सीवर मैनहोल में लीकेज के कारण लंबे समय तक बदबूदार पानी घरों तक पहुंचता रहा था। उस समय मरम्मत कर समस्या का समाधान किया गया था, लेकिन अब वही स्थिति दोबारा बन गई है।
लाेग बोले- समस्या का स्थायी समाधान हो :
कॉलोनी निवासी डॉक्टर राज मेहता, प्रोफेसर अन्नू अरोड़ा, बसंत मेहता, इंद्र चौहान, उपेंद्र परमार, सुनील सहरावत, शीला, संदीप दुहन, भतेरी, ओमली और राजबाला ने कहा कि दूषित पानी से स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। जलापूर्ति लाइनों और सीवर व्यवस्था की तुरंत जांच कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।