नागरिक अस्पताल के नजदीक बनाए जा रहे शौचालय।
भिवानी। करीब नौ माह से एनओसी के फेर में उलझकर अधूरे पड़े शौचालय का निर्माण फिर से शुरू कराने की नगर परिषद ने तैयारी कर ली है। बीएंडआर विभाग ने सरकुलर सड़क की फुटपाथ पर पुराना शौचालय तोड़कर नया निर्माण किए जाने पर आपत्ति जता दी थी। इसके बाद से ही शौचालय का काम अधर मेें लटककर रह गया था। अब एक बार फिर से अधूरे पड़े शौचालय का काम पूरा कराने के लिए नगर परिषद और बीएंडआर विभाग के अधिकारियों की आपसी बातचीत हो गई है। इसके बाद इसका कार्य अगले सप्ताह से शुरू होने की उम्मीद है।
कृष्णा कॉलोनी मोड़ से घंटाघर नागरिक अस्पताल शनि मंदिर के समीप नगर परिषद का पुराना शौचालय की जगह नए शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। दरअसल ये शौचालय पूरी तरह से ही फुटपाथ पर बनाया जा रहा है। इसी को लेकर बीएंडआर ने शौचालय निर्माण की एनओसी नहीं दी। इसके बाद बीएंडआर अधिकारियों ने यहां चल रहा शौचालय निर्माण का काम भी बंद करा दिया था। इसके बाद से ही यहां काम ठप पड़ा था। नगर परिषद की तकनीकी विंग के अधिकारियों ने बीएंडआर विभाग के अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद अब एक बार फिर इसके निर्माण पर रास्ता साफ हुआ है। हालांकि बीएंडआर ने अभी तक लिखित में कोई भी एनओसी नगर परिषद को दी है। इन हालातों में नगर परिषद फिर से अधर में पड़े शौचालय को पूरा कराने की तैयारी में जुटा है। वहीं बीएंडआर के अधिकारी अभी तक इस संबंध में कोई भी स्पष्ट हिदायतें नहीं दिए जाने की बात कह रहे हैं। दो विभागों के बीच एनओसी के फेर में फंसे इस शौचालय के निर्माण पर नगर परिषद करीब दो से तीन लाख रुपये का बजट भी खर्च कर चुका है, जबकि अभी तक इस शौचालय की सुविधा का लाभ भी लोगों को नहीं मिल रहा है।
-
शहर में किया जा रहा है पुराने शौचालयों का भी जीर्णोद्धार
नगर परिषद स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर भर में पुराने शौचालयों के जीर्णोद्धार का काम भी करा रहा है। कुछ अर्से पहले ही पुराने शौचालयों की कमियों का आकलन करने के बाद इस दिशा में नगर परिषद ने काम शुरू कर दिया था। हालांकि स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालयों के जीर्णोद्धार का बजट पहले ही आ चुका है। पुराने शौचालयों के जीर्णोद्धार पर जरूरत के हिसाब से दो से तीन लाख रुपये तक खर्च किए जा रहे हैं।
एनओसी को लेकर बीएंडआर ने घंटाघर नागरिक अस्पताल के समीप शौचालय निर्माण को रुकवा दिया था। लेकिन अब नगर परिषद के तकनीकी विंग अधिकारियों ने बीएंडआर से अनुमति मिलने पर फिर से काम शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। अगले सप्ताह से काम शुरू करा दिया जाएगा।
- सन्नी शर्मा, सिटी इंचार्ज, स्वच्छ भारत मिशन, नगर परिषद, भिवानी।